समस्तीपुर, 25 सितम्बर (निज संवाददाता) राजभाषा पखवाड़ा–2025 के अंतर्गत समस्तीपुर मंडल में ललित कला केंद्र, अधिकारी क्लब परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजभाषा प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा हिंदी में किए गए कार्यों को प्रदर्शित किया गया। राष्ट्रगान के पश्चात औपचारिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई और मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलन कर पुरस्कार वितरण समारोह का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में राजभाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोहा। विशेष रूप से हास्य कवि सम्मेलन में आमंत्रित कवियों श्री नसीम अख्तर एवं श्री आमिर हमजा ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और वातावरण को जीवंत बना दिया।

मुख्य अतिथि श्री मिश्रा ने अपने संबोधन में हिंदी के अधिकतम प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि समस्तीपुर ‘क’ श्रेणी के अंतर्गत आता है, अतः हिंदी में कार्य करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शुद्ध एवं व्याकरणसम्मत हिंदी के प्रयोग को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय मंडल वित्त प्रबंधक सह उप मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री गणनाथ झा ने की। समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

