
समस्तीपुर, 21 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) एआई समिट के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर समस्तीपुर में राजनीतिक पारा चढ़ गया। विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार जुलूस निकालकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमरेश साहू ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री रणजीत कुशवाहा ने किया।

स्टेडियम मार्केट से निकला जुलूस कलेक्ट्रेट होते हुए हॉस्पिटल गोलंबर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी पर देश की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया।सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि एआई समिट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई टिप्पणी से देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।कार्यक्रम में भाजपा दक्षिणी जिलाध्यक्ष शशिधर झा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विरोध प्रदर्शन को लेकर शहर में दिनभर राजनीतिक हलचल बनी रही।

