पटना, 06 नवम्बर (पटना डेस्क) लखीसराय जिले में चुनाव प्रचार के दौरान उपमुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले को लेकर गुरुवार को हंगामा हो गया। जानकारी के मुताबिक, घटना उस समय की है जब सिन्हा अपने निर्वाचन क्षेत्र से प्रचार के लिए गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान राजद समर्थकों ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को वहां से हटा दिया।

राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
मामले पर विजय कुमार सिन्हा ने आरोप लगाया कि राजद समर्थक गुंडागर्दी पर उतर आए हैं और उन्हें गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पोलिंग एजेंट को भी भगाया गया और उसे मतदान करने से रोका गया। सिन्हा ने बताया कि खुड़ियारी गांव के बूथ संख्या 404 और 405 पर यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि विपक्ष जानता है कि एनडीए सत्ता में आने वाली है, इसलिए घबराहट में इस तरह की हरकतें की जा रही हैं। पुलिस ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है और जांच जारी है।

