
पटना, 10 मार्च (सेंट्रल डेस्क) बिहार के किशनगंज जिले में एक अंतरधार्मिक विवाह को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। एक हिंदू महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उसके ससुराल वाले उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पूरे विवाद के बीच उसका पति खुलकर उसके समर्थन में सामने आया है और धर्म परिवर्तन का विरोध किया है।

जानकारी के अनुसार, नवाबगंज के वार्ड नंबर 5 लोहार पट्टी रोड की रहने वाली प्रिया घोष (23) की दोस्ती चार साल पहले खुशाल अहमद (27) से हुई थी। दोनों के बीच करीब चार महीने तक प्रेम संबंध रहा, जिसके बाद 7 जुलाई 2022 को दोनों ने घर से भागकर शादी कर ली। बताया जा रहा है कि खुशाल का परिवार शुरू से इस रिश्ते के खिलाफ था, लेकिन इसके बावजूद प्रिया शादी के बाद ससुराल में ही रह रही थी।पीड़िता का आरोप है कि शादी के लगभग एक साल बाद उसके ससुराल वालों ने उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। प्रिया के मुताबिक, कई बार उससे कहा गया कि वह इस्लाम कबूल करे और मना करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

इस विवाद को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए मामला शांत हुआ, लेकिन बाद में फिर से दबाव बनाया जाने लगा।इस बीच खुशाल अहमद ने सोशल मीडिया पर एक कथित कॉल रिकॉर्डिंग साझा की है। इसमें उसकी बड़ी बहन खुशनुमा शेख प्रिया से इस्लाम अपनाने की बात कहती हुई सुनाई दे रही है। रिकॉर्डिंग में वह यह भी कहती है कि उनकी मां किसी “काफिर” के हाथ का खाना नहीं खाएंगी और अगर प्रिया इस्लाम अपना ले तो सब ठीक हो जाएगा।वहीं, रिकॉर्डिंग में खुशाल अपनी बहन को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि किसी का धर्म जबरन नहीं बदला जा सकता और वह अपनी पत्नी को उसके धर्म के साथ स्वीकार करता है।प्रिया ने आरोप लगाया कि 5 मार्च को ससुराल वालों ने उस पर रमजान में रोजा रखने और इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके पति पर चाकू से हमला किया गया, जबकि उसे बांस के डंडे से मारकर घायल कर दिया गया। फिलहाल दोनों प्रिया के मायके में रह रहे हैं।सदर थाने के अधिकारी अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, आरोपियों ने सभी आरोपों से इनकार किया है।

