लखीसराय, 31 अगस्त (सेंट्रल डेस्क) लखीसराय शहर के वार्ड नंबर 20 निवासी कृष्ण महतो के पुत्र सिकंदर कुमार के लापता होने के मामले में रविवार को आक्रोशित लोगों ने पचना रोड पर पांच घंटे तक सड़क जाम और आगजनी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कवैया थाना क्षेत्र की लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सिकंदर 24 अगस्त से लापता है, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है।

परिजनों ने 25 अगस्त को अपहरण की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस की चुप्पी से नाराज होकर स्थानीय लोगों ने सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक जाम लगाए रखा। इस दौरान सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे।

जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मरीजों, स्टेशन जाने वाले यात्रियों और दैनिक राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। कई लोग गलियों और वैकल्पिक रास्तों से निकलने लगे, जिससे वहां भी जाम की स्थिति बन गई।
करीब पांच घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद एसडीपीओ शिवम कुमार और मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को 36 घंटे में युवक की बरामदगी का आश्वासन दिया। लिखित व मौखिक भरोसे के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में युवक की बरामदगी नहीं होती है तो वे फिर से उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज़ कर दी गई है और हर पहलू पर गंभीरता से कार्रवाई हो रही है।

