
बक्सर, 19 फरवरी (विक्रांत) भारतीय जनता पार्टी बक्सर के सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा अहिरौली स्थित पार्टी कार्यालय में “बजट पर चर्चा” को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष, ब्रह्मपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष सह भूमि विकास बैंक (बिहार-झारखंड) के डायरेक्टर भारत भूषण सिंह ने की, जबकि संचालन प्रदेश सह संयोजक राजीव रंजन सिंह ने किया।

मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन मौजूद रहे।बैठक को संबोधित करते हुए भुवन ने कहा कि वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि “विकसित भारत” और “विकसित बिहार” के संकल्प को साकार करने की स्पष्ट दिशा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश 53.5 लाख करोड़ का बजट विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है।

वहीं बिहार का बजट वित्त मंत्री विजेंद्र यादव के नेतृत्व में “तेज विकास यात्रा” का प्रमाण है।भोजपुर जिला प्रभारी राजेश सिन्हा ने कहा कि 2005 में बिहार का बजट 23 हजार करोड़ था, जो अब बढ़कर 3.47 लाख करोड़ से अधिक हो गया है—यह 11 गुना वृद्धि है। उन्होंने दावा किया कि 14.9% अनुमानित विकास दर के साथ बिहार देश के तेजी से बढ़ते राज्यों में शामिल है। चौथा कृषि रोड मैप (2023-28), पांच नए एक्सप्रेस-वे, 94 लाख गरीब परिवारों के सशक्तिकरण, 1.56 करोड़ महिलाओं को आर्थिक सहायता और युवाओं को पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य सरकार की प्राथमिकता है।कार्यक्रम में कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि यह बजट विकसित भारत और विकसित बिहार की नींव मजबूत करने वाला साबित होगा।

