समस्तीपुर, 26 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने शुक्रवार को 25 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इन योजनाओं में कर्पूरीग्राम गंज चौक, बांदे और विशनपुर में सड़क निर्माण कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।

विधायक शाहीन ने कहा कि वे समस्तीपुर क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, चबूतरा, शवदाहगृह, सड़क, नाला, पुलिया, सामुदायिक भवन, नाट्य मंच और खेल सामग्री जैसी बुनियादी सुविधाएं उनकी प्राथमिकताओं में रही हैं।
शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं समस्तीपुर की जनता का आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने मुझे लोकतंत्र के मंदिर तक पहुंचाया।” उन्होंने दावा किया कि समस्तीपुर में अब सड़कों का जाल बिछ चुका है और क्षेत्र को कीचड़ व अंधेरे से मुक्त किया गया है।
विधायक शाहीन ने स्पष्ट किया कि उनकी राजनीति का आधार कभी जाति, धर्म या मजहब नहीं रहा, बल्कि इंसानियत की राह पर चलकर सेवा करना उनका उद्देश्य रहा है। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उनका हर क्षण जनता की सेवा को समर्पित है।

