समस्तीपुर, 13 नवम्बर (समस्तीपुर डेस्क) जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई पंचायत के बाहा पुलिया के समीप बुधवार शाम लगभग 4 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 40 वर्षीय संजीव कुमार झा की मौके पर ही मौत हो गई। वह आलमपुर सरमस्तपुर गांव के निवासी थे और अपने गांव के ही व्यक्ति की मौत पर मिट्टी मंजिल से बाइक से लौट रहे थे।

स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद संजीव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और दम तोड़ दिया। वाहन चालक घटना स्थल से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी अनुपमा झा और पुत्र आशुतोष कुमार झा सहित परिवारजन रोते-बिलखते पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने कहा कि परिजनों द्वारा आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

