समस्तीपुर, 14 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर प्रखंड की वाजिदपुर पंचायत में हर घर नल-जल योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है। कई वार्डों में जलापूर्ति बाधित है या नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।वार्ड संख्या आठ में पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क पर पानी फैल रहा है और राहगीरों को कीचड़ का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड संख्या 11 के आधे हिस्से में अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, जबकि वार्ड तीन और चार में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण महीनों से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा।स्थानीय निवासी सूरजगोविंद कुमार और रौशन कुमार सहित कई लोगों ने पंचायत मुखिया मुकेश कुमार और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मुखिया मुकेश कुमार ने कहा कि विभाग को कई बार सूचित किया गया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला।पीएचईडी के कनिष्ठ अभियंता सुशांत कुमार शर्मा ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से परहेज किया। ग्रामीणों का कहना है कि जलापूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो पेयजल संकट गंभीर रूप ले सकता है।

