समस्तीपुर, 16 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) आगामी 12 से 14 जनवरी तक आयोजित होने वाले विद्यापति राजकीय महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।

समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में एक अहम समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी और मंदिर समिति के प्रतिनिधि शामिल हुए।बैठक में महोत्सव की तिथि, आयोजन स्थल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। विधि-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अपर समाहर्ता ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी दी, जबकि मंदिर समिति के प्रतिनिधियों ने आयोजन को लेकर अपने सुझाव रखे। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।बैठक में शामिल सभी अधिकारियों ने आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करने और विद्यापति महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित व यादगार बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

