पटना, 05 नवम्बर (पटना डेस्क) विधानसभा चुनाव से पहले मधुबनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इंडो-नेपाल सीमा से सटे लदनिया थाना क्षेत्र में एसएसबी (सीमा सुरक्षा बल) और मधुबनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 20 लाख नेपाली करेंसी के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, लदनिया थाना क्षेत्र के झलौन गांव के पास एनएच-227 पर पुलिस और एसएसबी द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक की तलाशी में उसकी डिक्की से 19 लाख 80 हजार 800 नेपाली रुपए बरामद किए गए।
लदनिया थानाध्यक्ष अनुप कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जो चुनाव तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इंडो-नेपाल सीमा खुली होने के कारण तस्करी की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं और इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले जयनगर बॉर्डर पर भी पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त छापेमारी में एक नेपाली नागरिक को 20 लाख नेपाली और 20 लाख भारतीय रुपए के साथ गिरफ्तार किया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान सीमा क्षेत्रों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

