समस्तीपुर, 25 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिले के विभिन्न बैलट फैसिलिटेशन सेंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने संत कबीर महाविद्यालय और डीएवी पब्लिक स्कूल स्थित केंद्रों में जाकर संपूर्ण मतदान प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौजूद मतदान पदाधिकारियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और कहा कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मी समय पर उपस्थित रहें और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें।

डीएम कुशवाहा ने कहा कि निर्वाचन कार्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभानी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए सुगम व सुरक्षित मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी और नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे।

