समस्तीपुर, 16 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर समस्तीपुर जिले में मतदाता जागरूकता को नई ऊर्जा मिली है। गुरुवार को समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने LED स्क्रीन युक्त मतदाता जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) रथ जिले के LOW VOTER TURNOUT (LOW VIR) वाले मतदान केंद्रों तक पहुंचेगा। LED स्क्रीन के माध्यम से यह रथ जागरूकता संदेश, वीडियो और संकल्प गीत प्रसारित करेगा, जिससे मतदाताओं में मतदान के प्रति रुचि और भागीदारी बढ़े।

जिलाधिकारी कुशवाहा ने कहा, “हर मतदाता लोकतंत्र का प्रहरी है। हमारा लक्ष्य है कि समस्तीपुर जिले का मतदान प्रतिशत ऐतिहासिक रूप से ऊंचा हो।” उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि रथ के आगमन पर अधिक से अधिक ग्रामीण, महिला और युवा मतदाता शामिल हों।

रथ की रवानगी के अवसर पर डीडीसी शैलजा पाण्डेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार, डीपीआरओ रजनीश कुमार राय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
“चलो मतदान की ओर” के उद्घोष के साथ निकला यह प्रचार रथ जिले भर में लोकतंत्र की अलख जगाने का कार्य करेगा।

