
पटना, 05 जनवरी (पटना डेस्क) नालंदा जिले में शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुप्त शराब के भंडारण का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर भागन विगहा ओपी क्षेत्र के भागन विगहा बधारर स्थित एक निजी दो मंजिला मकान में छापेमारी कर झारखंड निर्मित 143 बोतल इंग्लिश शराब बरामद की गई।

इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।भागन विगहा ओपी प्रभारी रवि रंजन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि उक्त मकान में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। हालांकि छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। ओपी प्रभारी ने बताया कि जिस मकान से शराब बरामद हुई है, वह प्रदीप यादव नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब किन माध्यमों से झारखंड से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस छापेमारी में पुलिस अवर निरीक्षक विदोन कुमार सहनी, सहायक अवर निरीक्षक मनोज कुमार सिंह तथा सिपाही चंदन कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

