गोपालगंज, 29 नवम्बर (निज संवाददाता) शहर के अत्यधिक व्यस्ततम इलाका मौनिया चौक पर स्थित बंधन बैंक की मुख्य शाखा में देर शाम शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिय।

इस दौरान बैंक में लगा एयर कंडीशन ब्लास्ट हो गया। जिससे आग और धुआं तेजी से बाहर निकलने लगा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग इधर उधर भागने लगे। स्थानीय दुकानदारों की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। खुशकिस्मती रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सूत्रों के अनुसार, घटना के समय बैंक बंद था और सभी कर्मचारी घर जा चुके थे। स्थानीय लोगों ने बैंक से धुआं निकलते देखा और तुरंत कर्मचारियों को सूचना दी।

बैंककर्मियों और आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को खबर किया। जिसके बाद राहत कार्य शुरू हुआ। बैंक में रखे सभी रुपए सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जिन्हें अग्निशमन विभाग और बैंक प्रबंधन ने मिलकर सुरक्षित बाहर निकाला।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट और उसके बाद एसी का फटना बताया जा रहा है। आग के कारण बैंक के कंप्यूटर, फर्नीचर सहित कई उपकरण जलकर राख हो गए। नुकसान का आकलन लाखों रुपये में किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

