समस्तीपुर, 14 दिसम्बर (मोहम्मद जमशेद) बिहार सरकार ने समस्तीपुर की विधायक अश्वमेघ देवी को महिला एवं बाल विकास समिति का सभापति नियुक्त किया है। जदयू और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनके मथुरापुर स्थित आवास पर भव्य स्वागत कर खुशी जताई।सभापति बनाए जाने पर अश्वमेघ देवी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का धन्यवाद किया और कहा कि वह इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगी।

उन्होंने बताया कि महिलाओं और बच्चों के विकास को लेकर चल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगी।अश्वमेघ देवी ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों का निरीक्षण करेंगी, ताकि बच्चों का सही पालन-पोषण और एमडीएम की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। साथ ही सरकार की ओर से महिलाओं के विकास के लिए दी जाने वाली राशि का सही उपयोग हो रहा है या नहीं, इसका भी वे जायजा लेंगी।उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से बिहार में महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जाएगा और सभी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे, इस दिशा में अभियान चलाया जाएगा।

