समस्तीपुर, 4 अक्टूबर (निज संवाददाता) बिहार में केंद्र सरकार द्वारा 19 नए केंद्रीय विद्यालय (केवी) खोलने की घोषणा की गई है, जिससे राज्य के कई जिलों को शिक्षा के क्षेत्र में मजबूती मिलने वाली है। सीतामढ़ी, कटिहार, मधुबनी, पटना, भागलपुर, गया समेत कई अन्य जिलों में नए केवी खुलने जा रहे हैं। लेकिन समस्तीपुर जिला इस बार भी इस लाभ से वंचित रह गया है, जबकि यहां केंद्र सरकार के कर्मचारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

इसी प्रकार, राज्य में भागलपुर, सहरसा, पूर्णिया, मधुबनी, रक्सौल, मुजफ्फरपुर सहित कई स्थानों पर नए हवाई अड्डों की स्वीकृति दी गई है। लेकिन समस्तीपुर के दूधपूरा हवाईअड्डा, जो पहले से अस्तित्व में है और वर्षों से जीर्णोद्धार की मांग करता आ रहा है, उसे पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है।
इस मुद्दे को उठाते हुए भाकपा माले के जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि भाजपा-जदयू गठबंधन समस्तीपुर के साथ लगातार सौतेला व्यवहार कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब जिले के दोनों सांसद एनडीए (भाजपा और लोजपा) से हैं, छह विधायक भाजपा-जदयू गठबंधन के हैं, तो फिर यह उपेक्षा क्यों?
माले नेता ने समस्तीपुर के साथ हो रहे इस भेदभावपूर्ण रवैये पर नाराजगी जताते हुए जनता से आह्वान किया कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा-जदयू गठबंधन को सत्ता से बेदखल करें और समस्तीपुर को उसका हक दिलाएं।

