
समस्तीपुर, 03 जनवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में 24 जनवरी को जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती राजकीय समारोह एवं 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में जिला सामान्य शाखा द्वारा गत वर्ष की कार्यवाही प्रस्तुत की गई।डीएम ने निर्देश दिया कि कर्पूरी ठाकुर जयंती पर पूर्वाह्न 8 बजे नगर भवन के पास स्थित भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा।

इसके बाद कर्पूरी ग्राम स्थित महाविद्यालय परिसर एवं स्मृति भवन में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसको लेकर अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर को समन्वय की जिम्मेदारी दी गई।गणतंत्र दिवस की समीक्षा में डीएम ने कहा कि सभी चौक-चौराहों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा।

नगर निगम सफाई कराएगा, जबकि फूल, माला और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति नजारत शाखा करेगी। पटेल स्टेडियम में झंडारोहण के लिए बैरिकेडिंग, पार्किंग और मरम्मत कार्य के निर्देश भवन प्रमंडल को दिए गए। परेड, झांकियों, आमंत्रण पत्र और मंच व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट आदेश जारी किए गए। एक सप्ताह बाद पुनः समीक्षा बैठक होगी।

