समस्तीपुर, 30 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) लोकतंत्र के महापर्व में जहां आम मतदाता मतदान दिवस की तैयारी में जुटे हैं, वहीं निर्वाचन ड्यूटी में लगे कर्मियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक दायित्व निभाया। गुरुवार को संत कबीर महाविद्यालय, समस्तीपुर और डीएवी पब्लिक स्कूल, मोहनपुर में बनाए गए फैसिलिटेशन सेंटरों पर चुनाव ड्यूटी में प्रतिनियुक्त सभी पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान अधिकारियों और विभिन्न कोषांगों के कर्मियों ने बैलेट पेपर के माध्यम से उत्साहपूर्वक मतदान किया।

यह विशेष मतदान प्रक्रिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा के नेतृत्व और अपर समाहर्ता (आपदा) श्री राजेश कुमार सिंह के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में सम्पन्न हुई। प्रशासन ने विधानसभा-वार काउंटर और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की, ताकि किसी कर्मी को असुविधा न हो। दोनों केंद्रों पर प्रशिक्षण के बाद मतदान कर्मियों की लंबी कतारें उत्साहपूर्वक देखी गईं।

इसी क्रम में समाहरणालय परिसर स्थित पालना घर में अन्य जिलों से आए कर्मियों के लिए भी फैसिलिटेशन सेंटर बनाया गया, जहाँ जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री विवेक कुमार शर्मा ने मतदान प्रक्रिया की देखरेख की। उन्होंने कर्मियों को मतदान की पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल और संत कबीर महाविद्यालय दोनों केंद्रों पर एडीएम (आपदा) श्री राजेश कुमार सिंह स्वयं मौजूद रहे और मतदान की हर गतिविधि पर बारीकी से नज़र रखी। मतदान के बाद कर्मियों ने जिला प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना की और कहा कि इस सुव्यवस्थित बैलेट वोटिंग ने लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के प्रति उनका मनोबल और गर्व दोनों बढ़ाया है।

