समस्तीपुर, 3 अक्तूबर (निज संवाददाता) बिहार में बदलाव की बयार बनकर उभरी जन सुराज पार्टी का पहला स्थापना दिवस समस्तीपुर जिले के सभी अनुमंडलों में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के हरपुर एलौथ स्थित जिला कार्यालय में विशेष समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन किसान मोर्चा के जिला महामंत्री प्रभात कुमार राय ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि अल्प समय में जन सुराज पार्टी ने जनमानस में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को विजयदशमी, गांधी जयंती और पार्टी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज जन सुराज और प्रशांत किशोर का नाम हर किसी की जुबान पर है, यह हमारी पहली जीत है।
उन्होंने अपील की कि सभी कार्यकर्ता आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण के लिए मिशन मोड में कार्य करें। उन्होंने कहा कि “घर-घर स्कूल का बस्ता” का नारा जन-जन की आवाज बनकर उभरे, यही पार्टी का असल लक्ष्य है।
इस अवसर पर कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। समारोह में बिहार के बदलाव और विकास को लेकर गहन चर्चा हुई।

