
समस्तीपुर, 20 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र स्थित हरपुर भिंडी चौर में 8 फरवरी को हुए प्रॉपर्टी डीलर गणेश सहनी हत्याकांड के दो सप्ताह बीतने के बाद भी मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की धीमी कार्रवाई से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

मृतक का मोबाइल फोन भी अब तक बरामद नहीं हुआ है।घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इधर चर्चा है कि फरार बदमाश सोशल मीडिया पर फिर किसी अन्य प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाने की धमकी दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी जारी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

जिले में जमीन कारोबार को लेकर लगातार फायरिंग, हत्या और साजिश की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो समस्तीपुर में जमीन का कारोबार पूरी तरह खूनी संघर्ष में बदल सकता है।
















