समस्तीपुर, 31 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) शिवाजीनगर प्रखंड के राधा कृष्ण मंडल गोविंद गोस्वामी महाविद्यालय परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुनावी विशाल जनसभा प्रस्तावित थी। प्रशासन ने भव्य पंडाल और हेलीपैड तक का निर्माण कर व्यापक तैयारियाँ की थीं, लेकिन दिनभर की भारी बारिश के कारण जनसभा रद्द करनी पड़ी।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने जनता से जुड़ने का मौका नहीं छोड़ा और सड़क मार्ग से समस्तीपुर जिले के रोसड़ा और वारिसनगर विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो किया। रोसड़ा के डाक बंगला चौक पर भाजपा प्रत्याशी बीरेन्द्र कुमार, जदयू कार्यकर्ताओं और हजारों समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। “नीतीश कुमार जिंदाबाद”, “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “चिराग पासवान जिंदाबाद” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा।

मुख्यमंत्री का काफिला मुरादपुर, बलहा, बाघोपुर और गलगल चौक होते हुए वारिसनगर विधानसभा पहुँचा, जहाँ जदयू प्रत्याशी मांजरिक मृणाल और भाजपा प्रत्याशी बीरेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से उनका स्वागत किया। नीतीश कुमार ने जनता से दोनों प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया और एनडीए सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख किया।
सड़क मार्ग से भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में कड़ी रही। पुलिस और सुरक्षा बल चौक-चौराहों पर तैनात थे। मुख्यमंत्री के स्वागत में जदयू और भाजपा के वरिष्ठ नेता, एनडीए के सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। हर स्थान पर समर्थकों ने उत्साह के साथ नीतीश कुमार के समर्थन में नारे लगाए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफिला इसके बाद दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान के लिए रवाना हुआ। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे।
















