
समस्तीपुर, 21 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) इंटरमीडिएट व मैट्रिक परीक्षा 2026 की कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम और डीईओ की सख्त निगरानी में यह महाअभियान संचालित होगा। इंटर की कॉपियों की जांच 27 फरवरी से 10 मार्च तक, जबकि मैट्रिक की कॉपियों का मूल्यांकन 2 मार्च से 13 मार्च तक किया जाएगा। 3 और 4 मार्च को होली के कारण जांच कार्य स्थगित रहेगा।इंटर मूल्यांकन में शामिल परीक्षकों को 26 फरवरी को योगदान देना अनिवार्य है और 27 फरवरी से जांच कार्य में जुटना होगा।

वहीं मैट्रिक के लिए 1 मार्च को योगदान तथा 2 मार्च से मूल्यांकन शुरू होगा। दोनों परीक्षाओं की कॉपियां एक पाली में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जांची जाएंगी। यदि कोई सह-परीक्षक या प्रधान परीक्षक तय समय में कार्य पूर्ण नहीं करता है, तो उसे शाम 6 बजे तक मूल्यांकन पूरा करना होगा।हर केंद्र पर 200 से 500 परीक्षकों की तैनाती बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की स्वीकृति से की गई है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के तहत मजिस्ट्रेट व पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित और दंडनीय घोषित किया गया है।

प्राप्तांकों की इंट्री के लिए प्रत्येक केंद्र पर 14 कम्प्यूटर और एक प्रिंटर-सह-स्कैनर की व्यवस्था की गई है। मेकर-चेकर प्रणाली के तहत 24 कम्प्यूटर जानकार कर्मियों की तैनाती होगी। जिला के विद्यालयों में उपलब्ध कम्प्यूटरों का भी आवश्यकतानुसार उपयोग किया जाएगा, ताकि मूल्यांकन कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो सके।

