समस्तीपुर, 30 अक्टूबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को लेकर समस्तीपुर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान को नई गति मिली। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा के निर्देशन में गुरुवार सुबह “रन फॉर वोट” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ सुबह 7:00 बजे समाहरणालय परिसर से हुआ।

कार्यक्रम में स्वीप कोषांग के नोडल अधिकारी रजनीश कुमार राय और महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं, छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों और प्रशासनिक कर्मियों ने दौड़ में भाग लिया। रैली समाहरणालय परिसर से निकलकर थानेश्वर मंदिर, पटेल गोलंबर और बीआरबी कॉलेज होते हुए पटेल मैदान परिसर में समापन हुई।
पूरे मार्ग में “No Voter to be Left Behind” और “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे नारों से शहर गूंज उठा। महाप्रबंधक विवेक कुमार शर्मा ने कहा कि यह आयोजन युवाओं और नए मतदाताओं में मतदान के प्रति जिम्मेदारी और गर्व की भावना बढ़ाने का प्रयास है। नोडल अधिकारी रजनीश कुमार राय ने सभी से अपील की कि 6 नवंबर को उत्साहपूर्वक मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोकतांत्रिक सहभागिता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा, “आपका एक वोट लोकतंत्र की ताकत है।”

