समस्तीपुर, 01 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत जिला प्रशासन ने मतदान के बाद ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री के सुरक्षित संग्रहण की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, श्री रोशन कुशवाहा ने विस्तृत आदेश जारी करते हुए बताया कि यह प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

मतदान 6 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद पीठासीन और प्रथम मतदान पदाधिकारी सील की गई ईवीएम और अन्य सामग्री लेकर समस्तीपुर कॉलेज स्थित वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) पहुंचेंगे। संग्रहण प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए वज्रगृह में कुल 160 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जिसमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 15 मुख्य और 1 अतिरिक्त काउंटर रखे गए हैं।
संग्रहित सामग्री में ईवीएम की तीन इकाइयाँ (BU, CU, VVPAT), प्रपत्र-17C, पीठासीन पदाधिकारी का घोषणा पत्र, VVPAT पर्ची का प्लास्टिक बॉक्स और छह पैकेट शामिल हैं। प्रत्येक काउंटर पर तीन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो मतदान दलों से सामग्री प्राप्त करेंगे और टैली शीट में ✔️ निशान लगाएंगे।
वज्रगृह में ईवीएम, वीवीपैट, 17C और घोषणा पत्र सुरक्षित स्थान पर रखे जाएंगे, जबकि अन्य पैकेट पंजी में दर्ज कर हस्ताक्षर सहित प्राप्त किए जाएंगे। वरिष्ठ अधिकारियों को विधानसभा वार प्रभार सौंपा गया है, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी और संचालन सुनिश्चित करेंगे।

