समस्तीपुर, 20 नवम्बर (पद्माकर सिंह लाला) सरायरंजन विधान सभा क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर सातवीं बार विधायक बने विजय कुमार चौधरी को गुरुवार को पटना के गांधी मैदान में नवगठित नीतीश सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई। चौधरी ने अब तक नौवीं बार कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के कैबिनेट मंत्री मंडल में जल संसाधन, संसदीय कार्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि-पशुपालन, भवन निर्माण, वित्त और वाणिज्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाल चुके हैं।

विजय कुमार चौधरी लंबे समय से जदयू के प्रमुख रणनीतिक चेहरों में से एक माने जाते हैं। वर्तमान कार्यकाल में भी वे कैबिनेट में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और सरकार में संसदीय कार्यों के समन्वय में अहम कड़ी के रूप में देखे जाते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भरोसेमंद मंत्री होने के साथ-साथ चौधरी 16वीं विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं, जहां उनकी कार्यशैली और सत्र संचालन की क्षमता विशेष रूप से सराही गई। जदयू प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनके नेतृत्व में हुए चुनाव में एनडीए को अभूतपूर्व सफलता मिली थी।

विजय कुमार चौधरी का जन्म 8 जनवरी 1957 को समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में हुआ। वे स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व कांग्रेस विधायक जगदीश प्रसाद चौधरी के पुत्र हैं। पटना विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातकोत्तर की पढ़ाई के बाद उन्होंने 1979 में भारतीय स्टेट बैंक में तीन साल तक बैंक अधिकारी के रूप में कार्य किया। 1982 में पिता के निधन के बाद उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट से विधायक बने। 2005 में जदयू में शामिल होकर नीतीश सरकार में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी निभाई।
चौधरी अपनी मिलनसारिता और मृदुभाषी स्वभाव के कारण क्षेत्र, जिला और राज्य स्तर पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम बनाने में माहिर हैं। उन्होंने वित्त, शिक्षा, जल संसाधन, ग्रामीण विकास, भवन निर्माण और कृषि-पशुपालन समेत कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली है।

