
समस्तीपुर, 21 फरवरी (हर्षिता “अश्क”) समस्तीपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय बेला पचरुखी में शनिवार को सुरक्षा जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिला। प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत ‘सुरक्षित शनिवार’ का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को आपदाओं से बचाव के गुर सिखाए गए।

प्रधानाध्यापक ने अपने संबोधन में बिजली के करंट से होने वाली दुर्घटनाओं, जल जमाव से उत्पन्न खतरों तथा खुले बोरिंग गड्ढों से होने वाली घटनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही किसी भी आपदा से बचने का सबसे बड़ा हथियार है। कार्यक्रम में बाल संसद की प्रधानमंत्री शालिनी कुमारी ने विद्यार्थियों के साथ व्यायाम कराया, जबकि तनिक्षा ने सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रस्तुत कर माहौल को ज्ञानवर्धक बना दिया।

शिक्षक संजीव कुमार झा, रूपेश कुमार, मनोज कुमार, मो. सादुल्लाह, किरण कुमारी एवं इंदिरा कुमारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

