
समस्तीपुर, 06 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) बिथान प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, बिथान के प्रधानाध्यापक सिकंदर बिहारी की आगामी 28 फरवरी 2026 को सेवानिवृत्ति को लेकर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्ति से पूर्व उन्होंने विद्यालय से जुड़े सभी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्व विधिवत रूप से शिक्षिका हीरा कुमारी को सौंप दिए, ताकि विद्यालय संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

उनके इस अनुशासित और जिम्मेदार कदम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।सम्मान समारोह में बिथान प्रखंड के मध्य विद्यालय करांची के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार मुखिया ने मिथिला परंपरा के अनुसार पाग, चादर और माला पहनाकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने सिकंदर बिहारी के सेवाकाल के दौरान किए गए शैक्षणिक, प्रशासनिक और सामाजिक कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

मनोज कुमार मुखिया ने कहा कि सिकंदर बिहारी एक कर्तव्यनिष्ठ, सरल स्वभाव और अनुशासित प्रधानाध्यापक रहे हैं, जिनका योगदान पूरे प्रखंड के शैक्षणिक विकास में सदैव याद रखा जाएगा। समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और उनके कार्यों को सराहा।

