गोपालगंज, 17 नवम्बर (निज संवाददाता) राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते पंजाब से मुजफ्फरपुर तस्करी के ले जाई जा रही एक करोड़ शराब जिले के कुचायकोट थाने की पुलिस क्षेत्र के बलथरी चेकपोस्ट से पकड़ कर जब्त किया है। यह कामयाबी पुलिस को नियमित वाहन जांच के दौरान एक बड़े कंटेनर से मिली है। तस्करों द्वारा उक्त शराब को सोयाबीन की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही थी। जिसे पुलिस ने सूझबूझ से बरामद कर एक करोड़ रुपये की तस्करी को विफल कर दिया है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार शराब तस्कर मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के गनियारी वार्ड 10 निवासी स्व.फूलनधर पासवान के पुत्र जितेंद्र पासवान व जालंधर पासवान के पुत्र बिरजू कुमार है।

मिली जानकारी के अनुसार यूपी की तरफ से आ रहे उक्त कंटेनर को जब पुलिस ने रोका और पूछताछ के दौरान कंटेनर से हल्की शराब की गंध महसूस हुई। संदेह होने पर कंटेनर की गहन जांच की गई, जिसमें सोयाबीन की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 567 कार्टन, खुदरा 670 बोतल,कुल 27,886 बोतल शराब बरामद हुई। इसकी मात्रा 5019.48 लीटर बताई गई है। सभी कार्टनों की एक-एक कर जांच करने पर विभिन्न ब्रांड की प्रीमियम विदेशी शराब मिली। जांच में खुलासा हुआ कि यह शराब जालंधर से मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।बता दें कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब माफिया लगातार दूसरे राज्यों से शराब की तस्करी करने की कोशिश में लगे हुए हैं। इस बार तस्करों ने सोयाबीन की बोरियों के बीच शराब छिपाकर पुलिस की नजर से बचने की चाल चली थी, लेकिन पुलिस की चौकसी ने उसे नाकाम कर दिया। वैसे इसके पूर्व भी आलू प्याज सरसों तेल मसाला मोबिल आदि की गाड़ियों पर तस्करी के शराब पकड़े जा चुके हैं। एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके वैकवर्ड फॉरवर्ड लिंक खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी को सफल बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी कीमत पर शराब की तस्करी नहीं होने दी जाएगी।

