समस्तीपुर, 5 अक्तूबर (निज संवाददाता) स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में समस्तीपुर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारी परिवारों को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम समिति की परंपरा के अनुसार प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित होता है। इस बार का आयोजन मौलाना मजहरुल हक शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, मथुरापुर परिसर में हुआ।

समारोह की शुरुआत झंडोत्तोलन से की गई, जिसके पश्चात स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शॉल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज़िला कांग्रेस कमिटी समस्तीपुर के अध्यक्ष मो० अबू तमीम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समिति के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय कुमार सिंह मौजूद रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में मो० अबू तमीम ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आज़ादी दिलाने में जो बलिदान दिया, वह कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके उत्तराधिकारियों को सम्मानित करना गर्व की बात है और इससे समाज में देशभक्ति की भावना सुदृढ़ होती है।
इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने आयोजन की सफलता पर हर्ष जताते हुए मो० अबू तमीम का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में रघुनाथ सिंह, सुखदेव सिंह प्रधान, नीरज ठाकुर, विमल कांत चौधरी, बंसी चौधरी समेत कई सदस्य उपस्थित थे।

