समस्तीपुर, 18 सितंबर (मोहम्मद जमशेद) समस्तीपुर मंडलीय रेल अस्पताल में 17 सितंबर 2025 को ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष महिला स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में रेल परिवार की बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों और अन्य महिलाओं ने भाग लिया और अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, थायरॉइड, कैल्शियम जैसी महत्वपूर्ण जांचें नि:शुल्क की गईं, और साथ ही स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सुनील कुमार ने शिविर का निरीक्षण किया और बताया कि महिला स्वास्थ्य समाज और परिवार की मजबूती का आधार है। ऐसे शिविरों से महिलाओं और उनके परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” अभियान के तहत किया गया है, जो महिलाओं और बालिकाओं के पोषण तथा स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का एक प्रयास है।
रेल प्रशासन इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों को नियमित रूप से आयोजित करता है, ताकि रेल परिवार को स्वस्थ और सशक्त बनाया जा सके।

