हैदराबाद, तेलंगाना (अंकिता राय) पूर्व मंत्री और बीआरएस के वरिष्ठ विधायक टी. हरीश राव ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर यूरिया संकट के कारण किसान बदहाली की कगार पर पहुँच गए हैं और अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो तेलंगाना कृषि संकट का सामना कर सकता है।

हरीश राव ने कहा, “दस साल के बीआरएस शासन में किसान गरिमा के साथ जी रहे थे। लेकिन आज कांग्रेस राज में उन्हें अधिकारियों के पैरों पर गिरकर यूरिया की भीख माँगनी पड़ रही है।” उन्होंने एक वायरल वीडियो का जिक्र किया, जिसमें एक किसान खाद वितरण केंद्र पर अधिकारी के पैरों पर गिरता दिखा।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को बारिश में लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और एक बोरी खाद के लिए आंसू बहाने की नौबत आ गई है। हरीश राव ने कहा, “यह सरकार किसानों को निराशा के अलावा कुछ नहीं दे पाई है।”

