आई दिल्ली, 19 सितम्बर (अशोक “अश्क”) बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा अमीषा पटेल ने जब साल 2000 में ऋतिक रोशन के साथ ‘कहो ना प्यार है’ से डेब्यू किया था, तो वह रातों-रात स्टार बन गई थीं। उनकी मासूमियत और खूबसूरती ने उन्हें 2000 के दशक की ‘नेशनल क्रश’ बना दिया था। लेकिन आज, जब वह 50 साल की हो चुकी हैं, तब भी उन्होंने शादी नहीं की है। हाल ही में एक इंटरव्यू में अमीषा ने खुलासा किया कि उन्होंने अब तक शादी क्यों नहीं की।

एक पॉडकास्ट में बात करते हुए अमीषा ने कहा कि उनका फोकस हमेशा से करियर पर रहा है। उन्होंने कहा, “मैं स्कूल में कभी लड़कों के पीछे नहीं भागी। वे ही मेरे पीछे भागते थे।”
उन्होंने बताया कि कई बार उन्हें शादी के प्रस्ताव मिले, लेकिन अधिकतर पुरुष चाहते थे कि वह शादी के बाद काम न करें। अमीषा कहती हैं, “मैं पहले अमीषा पटेल बनना चाहती थी। अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा मैंने किसी की बेटी बनकर बिताया था, और मैं आगे सिर्फ किसी की पत्नी बनकर नहीं जीना चाहती थी।”
अमीषा ने यह भी बताया कि फिल्मों में आने से पहले उनका एक गंभीर रिश्ता था। वह शख्स साउथ मुंबई के एक बड़े इंडस्ट्रियल परिवार से था, और उनका बैकग्राउंड भी अमीषा से मेल खाता था। लेकिन जब अमीषा ने फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने का फैसला किया, तो उनके पार्टनर को यह बात पसंद नहीं आई। उन्होंने कहा, “मैंने करियर चुना, क्योंकि जो आपसे प्यार करता है, वो आपको उड़ने देगा।”
अमीषा का कहना है कि आज भी उन्हें कई अमीर परिवारों से शादी के प्रस्ताव मिलते हैं। यहां तक कि उनसे आधी उम्र के लड़के भी उन्हें डेट पर ले जाने की इच्छा जताते हैं। अमीषा कहती हैं, “मैं शादी के लिए तैयार हूं, बस सही इंसान मिल जाए। उम्र से ज्यादा जरूरी है मानसिक परिपक्वता। मुझसे बड़े कई लोग भी मिले हैं जिनका दिमाग मक्खी जितना भी नहीं था।”

