
पटना, 08 जनवरी (पटना डेस्क) पटना से सटे दानापुर इलाके में बुधवार की रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक बेकाबू थार गाड़ी ने राह चलते आधा दर्जन से भी ज्यादा लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की पुष्टि हुई है। जबकि एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

सभी घायलों को इलाज के लिए पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने थार गाड़ी में आग लगा दी, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर दानापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस के अनुसार यह घटना गोला रोड की है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि थार चालक नशे में धुत था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने पहले कई वाहनों को टक्कर मारी और फिर भागने के दौरान सड़क पर चल रहे लोगों को कुचल दिया। इससे पूरे क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को आग के हवाले कर दिया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

