
पटना, 08 जनवरी (पटना डेस्क) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अफसरशाही पर शिकंजा कसते हुए बिहार के सभी सरकारी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किया है। सीएम ने कहा है कि अब राज्य के सभी अधिकारी हर सोमवार और शुक्रवार को अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में मौजूद रहेंगे। इन दो दिनों में अधिकारी आम लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए दिया।

उन्होंने लिखा कि अक्सर यह देखा गया है कि लोग जब अपनी समस्याएं लेकर सरकारी दफ्तरों में पहुंचते हैं तो अधिकारी अनुपस्थित रहते हैं, जिससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारी पंचायत स्तर से लेकर डिवीजन और राज्य स्तर तक इन दो दिनों में उपलब्ध रहेंगे। यह नई व्यवस्था 19 जनवरी से पूरे बिहार में लागू होगी। सीएम ने कहा कि इससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और शिकायतों का तेजी से निपटारा हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 20 नवंबर 2025 को की गई थी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार को विकसित राज्य बनाना और “सबका सम्मान, जीवन आसान” की सोच को साकार करना है।सीएम ने यह भी कहा कि सभी दफ्तरों में शिकायत रजिस्टर रखा जाएगा और मामलों की नियमित निगरानी की जाएगी।

