
पटना, 08 जनवरी (पटना डेस्क) सड़क सुरक्षा के मोर्चे पर बिहार ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के 100 जीरो फैटेलिटी जिलों में बिहार के 6 जिले शामिल हुए हैं। इनमें पटना, मुजफ्फरपुर, सारण, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), गया और नालंदा का नाम दर्ज है। यह जानकारी परिवहन एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित परिवहन मंत्रियों की राष्ट्रीय बैठक में दी।

मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार इन जिलों में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर मौतों को शून्य करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में सड़क सुरक्षा को लेकर 484 बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें डीएम, एसपी और संबंधित विभागों ने दुर्घटना प्रवण स्थलों की समीक्षा की।उन्होंने बताया कि जनवरी माह में सभी जिलों में रैली, मैराथन, चालक प्रशिक्षण और स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। साथ ही ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट की पहचान कर साइन बोर्ड, सड़क चौड़ीकरण और बैरिकेडिंग जैसे सुधार कार्य किए जा रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि राज्य में 1500 से अधिक सरकारी एंबुलेंस 102 से मैप हैं, जिससे शहरी क्षेत्र में 20 और ग्रामीण क्षेत्र में 30 मिनट के भीतर सहायता पहुंचाई जा रही है। दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस इलाज, हिट एंड रन मुआवजा और राहवीरों को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जा रहा है।

