
बक्सर, 12 जनवरी (विक्रांत) ज्ञान गंगा परिसर, बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस 2026 का भव्य आयोजन उत्साह और प्रेरणादायी वातावरण में किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं विद्यार्थियों द्वारा सृजित प्रेरणा फाउंडेशन के तत्वावधान में, विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और उनके विचारों के स्मरण के साथ हुई। अध्यक्षीय संबोधन में अधिष्ठाता (कृषि) डॉ. ए. के. साह ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और कर्मठता का विवेकानंद का संदेश आज भी प्रासंगिक है।निदेशक छात्र कल्याण डॉ. श्वेता शंभवी ने कहा कि युवाओं का समग्र विकास अकादमिक उन्नति के साथ मानसिक स्वास्थ्य, नैतिक मूल्यों और सेवा-भाव से ही संभव है।

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुबोर्णा रॉय चौधरी ने “नॉट मी, बट यू” के सिद्धांत को युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का आधार बताया।कार्यक्रम में प्रेरणा फाउंडेशन के छात्र परामर्शदाता डॉ. अविनाश कुमार ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के 150 से अधिक विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।

एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, युवा संकल्प पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने संदेश में युवाओं से राष्ट्र, समाज और कृषि विकास में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

