
बक्सर, 13 जनवरी (विक्रांत) मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार, 13 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिता ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रामरेखा घाट और सिपाही घाट का स्थल निरीक्षण किया। उनके साथ उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान 14 जनवरी को प्रस्तावित पतंग महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। नगर परिषद ने बताया कि सिपाही घाट के पश्चिमी मैदान में पतंग महोत्सव और पूर्वी हिस्से में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में फ्लैश मोब, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी सहित सात प्रतियोगिताएं होंगी। डीएम ने बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, डस्टबीन, पेयजल और चलंत शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रामरेखा घाट पर सीढ़ियों पर लगी चौकियां हटाने, कूड़ा साफ कराने और सीसीटीवी कैमरे, लाइट व माइकिंग 24×7 चालू रखने का आदेश दिया गया।

डिस्प्ले बोर्ड पर आपदा चेतावनी प्रसारित करने, शौचालय साइनेंज दुरुस्त करने और चेंजिंग रूम को सही ढंग से तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

