
बक्सर, 13 जनवरी (विक्रांत) डुमरांव नगर के निमेज टोला निवासी नेकदिल और हमेशा मुस्कान बिखेरने वाले हीरामन चौधरी अब इस दुनिया में नहीं रहे। करीब 75 वर्षीय श्री चौधरी का मंगलवार की देर शाम निधन हो गया।

वे कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज जारी था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।‘मन का हीरा’ कहे जाने वाले हीरामन चौधरी के निधन की खबर फैलते ही निमेज टोला सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।

हर उम्र के लोग उन्हें एक मिलनसार, सरल और मददगार इंसान के रूप में याद कर रहे हैं। उनकी मुस्कान ही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी।स्वर्गीय चौधरी के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार बुधवार को बक्सर स्थित चरित्रवन श्मशान घाट पर किया जाएगा।

वे अपने पीछे पेशे से नर्स पत्नी फूलवंती देवी, चार पुत्र—अनिल पटेल, सोनू पटेल, मोनू पटेल और धन्नु, दो पुत्रवधू तथा पौत्र-पौत्रियों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।उनके निधन से क्षेत्र ने एक सच्चा, संवेदनशील और सरल व्यक्तित्व खो दिया है।

