
पटना, 16 जनवरी (पटना डेस्क) पटना पुलिस और कुख्यात अपराधी नीतीश के बीच गुरुवार रात हुई मुठभेड़ में इलाके में सनसनी फैल गई। मनेर थाना क्षेत्र के दरवेशपुर में पुलिस एनकाउंटर के दौरान नीतीश गोली लगने से जख्मी हो गया। घायल हालत में उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, एक कट्टा और दो खोखा बरामद किया है।बताया जा रहा है कि नीतीश ने 9 जनवरी को मनेर में स्वर्ण व्यवसायी संजय सोनी की दुकान पर लूटपाट की कोशिश की थी। विरोध करने पर उसने सोनी को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस नीतीश की तलाश में जुटी थी।गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि नीतीश रतनटोला इलाके में छिपा है। गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात के बाद नीतीश लगातार ठिकाने बदल रहा था।गौरतलब है कि बिहार में हाल के दिनों में एनकाउंटर की घटनाएं चर्चा में हैं। गृह विभाग की कमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथ में आने के बाद सख्ती बढ़ी है, हालांकि अपराध पर लगाम अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

