
पटना, 18 जनवरी (पटना डेस्क) मिथिला के चर्चित कथावाचक श्रवण दास महाराज की गिरफ्तारी से इलाके में सनसनी फैल गई है। दरभंगा पुलिस ने उन्हें एक महिला की शिकायत पर गिरफ्तार किया है, जिसमें शादी का झांसा देकर एक वर्ष से अधिक समय तक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। महिला थाना में दर्ज इस मामले में पुलिस ने पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को महिला थाना में प्रसिद्ध कथावाचक श्रवण दास महाराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।

आरोप है कि उन्होंने पीड़िता को शादी का प्रलोभन देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पीड़िता के गर्भवती होने पर कथावाचक ने गर्भपात कराया। बाद में बंद कमरे में शादी से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ, हालांकि कथावाचक ने सार्वजनिक रूप से शादी से इनकार कर दिया।मामले को लेकर पीड़िता की मां ने महिला थाना कांड संख्या 182/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। केस दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।

बताया जाता है कि श्रवण दास मिथिला के प्रसिद्ध मौनी बाबा के शिष्य हैं और पीड़िता की मां ने मौनी बाबा को भी आरोपी बनाया है।गिरफ्तारी के बाद श्रवण दास ने मीडिया से बातचीत में आरोपों को साजिश बताया। उन्होंने दावा किया कि वे युवती के साथ केवल छह दिन ही रहे हैं। मौनी बाबा की कथित संलिप्तता पर भी उन्होंने आरोपों से इनकार किया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आरोपों की तथ्यों के आधार पर पड़ताल की जाएगी।

