
पटना, 21 जनवरी (पटना डेस्क) बिहार की लोक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, पटना डेयरी प्रोजेक्ट (सुधा डेयरी) की ओर से मंगलवार को सुधा डेयरी परिसर में “दही खाओ, इनाम पाओ” प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन ने लोगों में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

प्रतियोगिता के लिए बिहार और झारखंड से करीब 600 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 400 प्रतिभागियों ने अलग-अलग वर्गों में अपनी किस्मत और क्षमता आजमाई।पुरुष वर्ग में पटना-बाढ़ निवासी कुलकुल कुमार ने महज तीन मिनट में 3 किलो 105 ग्राम दही खाकर प्रथम पुरस्कार हासिल कर सबको चौंका दिया। महिला वर्ग में पटना के अलीनगर की रोजी प्रवीण ने 3 मिनट में 3 किलो 340 ग्राम दही खाकर पहला स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ पुरुष नागरिक वर्ग में पटना के दानापुर निवासी हरेंद्र राय ने 3 किलो 550 ग्राम दही खाकर प्रतियोगिता में बाजी मार ली।

पुरुष वर्ग में सदीशोपुर, पटना के अनिल कुमार ने 3 किलो 75 ग्राम दही खाकर दूसरा और संपतचक के अजीत कुमार ने 2 किलो 925 ग्राम दही खाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में बाजार समिति की सुनीता देवी ने दूसरा तथा कंकड़बाग की ज्योत्सना कुमारी ने तीसरा पुरस्कार जीता।वरिष्ठ नागरिक महिला वर्ग में राजीव नगर की मधु देवी प्रथम, राजेंद्र नगर की विभा देवी द्वितीय और अनिसाबाद की आशा देवी तृतीय स्थान पर रहीं। पटना डेयरी प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने बताया कि इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2011 में की गई थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि सुधा की गुणवत्ता पर उपभोक्ताओं का अटूट विश्वास ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।

