
दरभंगा, 29 जनवरी (अजय राय) आन जनता के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी ने सख्त रुख अपनाते हुए दरोगा हरेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।वायरल वीडियो में दरोगा हरेंद्र कुमार को ड्यूटी के दौरान एक महिला डॉक्टर और उनके वाहन चालक के साथ गाली-गलौज और असभ्य भाषा का प्रयोग करते हुए देखा गया है।

वीडियो में आम नागरिकों के प्रति यह आचरण पुलिस नियमों के विपरीत पाया गया। इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानी और उदंडता मानते हुए एसएसपी ने निलंबन की कार्रवाई की।जानकारी के अनुसार, मामला नो-एंट्री क्षेत्र में वाहन प्रवेश को लेकर सामने आया था। दरोगा अपनी टीम के साथ महिला डॉक्टर की गाड़ी रोककर चालक से अमर्यादित व्यवहार करने लगे।

वीडियो में डॉक्टर चालान काटने की बात कहती दिखती हैं, बावजूद इसके गाली-गलौज जारी रहती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई कर दरोगा को सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित किया, जिससे विभाग में अनुशासन और शालीनता का सख्त संदेश गया है। आम जनता का भरोसा मजबूत हुआ।

