
पटना, 31 जनवरी (अविनाश कुमार) बिहार के युवाओं के लिए पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी पाने का शानदार अवसर सामने आया है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) ने बिहार पुलिस की स्पेशल ब्रांच में कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी क्लोज कैडर) के 83 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उम्मीदवारों को किसी तरह की फिजिकल टेस्ट प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा।

चयन पूरी तरह लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक और योग्य 12वीं पास उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 6 फरवरी, 2026 से शुरू होगी जबकि अंतिम तिथि 5 मार्च, 2026 तय की गई है। सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है।भर्ती में अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं, हालांकि उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।

उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले पेपर में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरे पेपर में भी 100 अंक निर्धारित हैं। दोनों परीक्षाओं के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे।उम्मीदवार जानकारी वेबसाइट पर अधिसूचना देखकर प्राप्त कर सकते हैं।

