
बक्सर, 01 फरवरी (विक्रांत) डुमरांव नगर स्थित प्रख्यात डॉक्टर जे एन सिंह चिकित्सा संस्थान के परिसर में पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित समारोह के बीच रविवार को सीबीएसई आधारित शैक्षणिक संस्थान संत लॉरेंस अकादमी का विधिवत आगाज हुआ। विद्या रूपी मंदिर के इस शुभ शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राहुल कुमार सिंह के साथ विशिष्ट अतिथि एसडीएम राकेश कुमार, डीएसपी पोलत्स कुमार तथा डुमरांव राज परिवार के सदस्य शिवांग विजय सिंह उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राहुल कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज में शिक्षा के प्रसार के लिए निरंतर प्रयासरत है। विधायक ने कहा कि शिक्षा में क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है।

विद्यालय का निर्माण और शुभारंभ करना पुण्य का कार्य होता है। उन्होंने संत लॉरेंस अकादमी के संचालक परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर एसडीएम राकेश कुमार और डीएसपी पोलत्स कुमार ने भी अकादमी के संस्थापक परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता अकादमी की संस्थापिका प्राचार्य डॉ शोभा सिंह ने की।

संचालन डॉ सुभाष चंद्रशेखर सिंह उर्फ मनोज कुमार सिंह ने किया।उद्घाटन समारोह में शिक्षाविद टी एन चौबे, जिला पार्षद बंटी शाही, सीनेट सदस्य डॉ विनोद कुमार सिंह, सेवानिवृत्त अस्पताल उपाधीक्षक डॉ गिरीश कुमार सिंह, जदयू नेता भरत मिश्रा, नथुनी प्रसाद खरवार, प्रो अंबिका सिंह, डॉ साकार सिंह सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।इससे पहले संस्थापिका प्राचार्य डॉ शोभा सिंह ने आगत अतिथियों को पुष्प गुच्छ, प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। प्राचार्या नेहा क्षेत्री ने अकादमी में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

