
समस्तीपुर, 06 फरवरी (समस्तीपुर डेस्क) भक्त और भगवान की नगरी बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम स्थित उगना महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस वर्ष भी भव्य बारात झांकी का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर विद्यापति परिषद के अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया गणेश गिरी कवि के नेतृत्व में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

परिषद अध्यक्ष ने बताया कि आगामी 15 फरवरी को विद्यापतिधाम में महाशिवरात्रि मनाई जाएगी। इसके पूर्व 14 फरवरी को महारात्रि के अवसर पर मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात झांकी निकाली जाएगी। इस झांकी में हाथी-घोड़ा, बैंड-बाजा, भोलेनाथ, भूत-पिशाचों के सजीव प्रतिरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।भोलेनाथ की बारात मंदिर से निकलकर मलकलीपुर, मिर्जापुर, मधेपुर पिपरपंती, केवटा होते हुए दलसिंहसराय शहर का भ्रमण करेगी और पगड़ा मार्ग से पुनः मंदिर पहुंचेगी।

यहां द्वार पूजा के बाद विश्राम होगा। 15 फरवरी की रात भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य विवाह संपन्न कराया जाएगा। अपार भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

