
बक्सर, 07 फरवरी (विक्रांत) बक्सर जिले के दुल्लहपुर गांव में नव निर्मित सूर्य नारायण मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपन्न हो गया.
आगामी आठ फरवरी तक चल रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान हुई इस ऐतिहासिक प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. लगातार बढ़ती भीड़ के चलते दुल्लहपुर समेत आसपास के गांव पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गए हैं.श्री प्रपन्नाचार्य जी महाराज की अगुवाई में मानव कल्याण की भावना से आयोजित महायज्ञ के हवन कुंड से उठते पवित्र धुएं ने पूरे क्षेत्र के वातावरण को सुगंधित और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है.

भगवान सूर्य की जयकारों से यज्ञ स्थल गूंज उठा, वहीं श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए. प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हिमांशु चतुर्वेदी, राष्ट्रीय सहारा के बक्सर ब्यूरो चीफ जीतेन्द्र मिश्रा, बक्सर बुलेट बाइक एजेंसी के संचालक राकेश राय, सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा सिंह, भाजपा नेता प्रदीप कुमार दुबे सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर सूर्य नारायण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की.रविवार को आयोजित होने वाले विशाल भंडारे के साथ महायज्ञ के समापन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे भीड़ और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य, जिला परिषद उपाध्यक्ष के पति (प्रतिनिधि) एवं दुल्लहपुर के पूर्व मुखिया सुनील कुमार सिंह ने बताया कि समाज के कल्याण की भावना से आयोजित इस महायज्ञ को आमजन का भरपूर सहयोग मिल रहा है.

उन्होंने कहा कि बक्सर जिले के दुल्लहपुर में प्रथम बार नव निर्मित सूर्य नारायण मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है.

