
नई दिल्ली, 14 फरवरी (निज संवाददाता) भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘जीरो ड्यूटी’ प्रावधान पर सवाल उठाए तो केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने तीखा जवाब देते हुए उन्हें “अर्थव्यवस्था से अनभिज्ञ” करार दिया।हालिया भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर जहां केंद्र सरकार इसे देश की बड़ी जीत बता रही है, वहीं विपक्ष इसे अमेरिका के पक्ष में झुका समझौता कह रहा है।

राहुल गांधी ने दावा किया था कि यदि बांग्लादेश अमेरिका से सूत या कपास खरीदता है तो उसे अमेरिका में शून्य शुल्क पर कपड़ा निर्यात की छूट मिलती है, जबकि भारत को ऐसी सुविधा नहीं है।इस पर गोयल ने पलटवार करते हुए कहा कि भारत को भी समान अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भारतीय निर्यातक अमेरिका से कपास या सूत आयात कर यहां प्रोसेस कर पुनः अमेरिका को निर्यात करते हैं, तो उन्हें भी जीरो ड्यूटी का लाभ मिलेगा।

यह कोई नई व्यवस्था नहीं, बल्कि पूर्व से लागू आयात-प्रोसेस-निर्यात नीति का हिस्सा है।मंत्री ने कहा कि यह प्रावधान पूर्ववर्ती सरकार के समय बने SEZ कानून और विदेशी व्यापार नीति में भी शामिल रहा है। उनके अनुसार, इससे रोजगार सृजन, विदेशी मुद्रा अर्जन और कपास उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। ट्रेड डील पर छिड़ी यह राजनीतिक जंग फिलहाल थमती नहीं दिख रही।

