
गोपालगंज,निज संवाददाता। जिले के भोरे थाना क्षेत्र के बनकटा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज़ एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।

युवती अपने प्रेमी की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर टॉवर के ऊपर बैठ गई,जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और स्थिति को देखने के लिए भीड़ लग गई। बताया जा रहा है कि उक्त प्रेमी प्रेमिका घर भागने के फिराक में थे।जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के प्रेमी पवन कुमार को हिरासत में ले लिया। इसकी जानकारी मिलते ही युवती नाराज़ हो गई और विरोध जताते हुए गांव के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।टॉवर पर चढ़कर वह लगातार अपने प्रेमी को छोड़ने की मांग करती रही।घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस द्वारा काफी देर तक समझाने-बुझाने की कोशिश की जाती रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गिरफ्तार प्रेमी को भी मौके पर लेकर पहुंची, ताकि युवती को समझाकर नीचे उतारा जा सके।काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद भी युवती टॉवर से नीचे उतरने को तैयार नहीं थी, जिससे प्रशासन और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा उसे शांत कराने और सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था।घटना के कारण कुछ समय के लिए इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है।

