
विष्णु शुगर मिल का किया निरीक्षण,गन्ना रकबा बढ़ाने के दिए निर्देश

गोपालगंज,निज संवाददाता। विगत एक वर्षों से पंचदेवरी प्रखंड के खाल गांव में निर्माणाधीन जिले के पहले व सबसे बड़े गुड़ इकाई का शुभारंभ रविवार को हो गया। जिसकी शुरुआत गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने किया। शुभारंभ के बाद उन्होंने कहा कि यूपी के सीमावर्ती इस गन्ना बाहुल्य इलाके को अब उद्योग के रुप में विकसित करने का संकल्प लिया गया है। जिसकी नींव आज रखीं गई है। अपर मुख्य सचिव ने हर्षवर्धन इंडस्ट्रीज, खालगांव स्थित गुड़ इकाई के शुभारंभ के बाद स्थानीय स्तर पर गुड़ उत्पादन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।इसके पश्चात उन्होंने ग्राम बनकटा, पंचायत भगवानपुर, प्रखंड पंचदेवरी निवासी गन्ना कृषक संजय कुमार सिंह के खेत में लगाए गए CoP-14201 प्रभेद के प्लॉट का भी निरीक्षण किया। इसके पूर्व उन्होंने शहर में स्थित विष्णु शुगर मिल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चीनी मिल के महाप्रबंधक को अगले पेराई सत्र की तैयारी के तहत लगभग पांच हजार हेक्टेयर में अतिरिक्त गन्ना रकबा बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। इस अवसर पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक गन्ना की खेती करने तथा रकबा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण एवं दौरे के दौरान विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। इनमें संयुक्त ईखायुक्त बिहार, पटना जयप्रकाश नारायण सिंह,गोपालगंज सहायक निदेशक सुबोध कुमार सुधांशु,ईख पदाधिकारी शिव शंकर आजाद सहित चीनी मिल के पदाधिकारी और क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।

